सात स्कूलों में खेल की हाईटेक सुविधाएं

प्राइमरी के बच्चों के लिए बनेगा किड्स प्ले एरिया
बनेंगे टेनिस, बैडमिंटन, बास्केटबाल, वॉलीबाल कोर्ट
( आनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड के छात्र, छात्राओं की खेल प्रतिभा अब स्मार्ट सिटी की सुविधाओं से निखरेगी। स्मार्ट सिटी के तहत शहर के सात स्कूलों में खेल की आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, वॉलीबाल कोर्ट से लेकर क्रिकेट के अभ्यास तक की सुविधा दी जाएगी। प्राइमरी के बच्चों के लिए भी किड्स प्ले एरिया बनाया जाएगा। इस पर 4.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
तकनीकी मैनेजर स्मार्ट सिटी एसके सिन्हा ने बताया कि इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। पांच से छह महीने में खेल की नई सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने सात स्कूलों का चयन करने से पहले इनके कैंपस का सर्वे किया। जिन स्कूलों में पर्याप्त जगह थी वहां के प्रधानाचार्य और प्रबंधन के साथ बैठकें की गईं। सर्वे के बाद शहर के सात स्कूलों का चयन किया गया। ये स्कूल हैं, जीआईसी, कर्नलगंज इंटर कॉलेज, माडर्न प्राइमरी स्कूल एलनगंज, सीएवी इंटर कॉलेज, केपी गल्र्स इंटर कालेज, हिंदू महिला इंटर कालेज और मैरी वानामेकर गल्र्स इंटर कॉलेज।
जीआईसी में दो बैडमिंटन कोर्ट, एक वॉलीबाल कोर्ट, एक बास्केटबाल कोर्ट, दो लॉन टेनिस कोर्ट, आठ क्रिकेट नेट प्रैक्सि एरिया, किड्स प्ले एरिया बनेगा। कर्नलगंज इंटर कॉलेज में दो बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबाल, बास्केटबाल और कबड्डी के एक-एक कोर्ट, माडर्न प्राइमरी स्कूल एलनगंज में बास्केटबाल व कबड्डी कोर्ट, सीएवी इंटर कॉलेज में दो बैडमिंटन कोर्ट, एक बास्केटबाल कोर्ट, एक क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया, केपी गल्र्स इंटर कालेज में दो बैडमिंटन कोर्ट, एक बास्केटबाल कोर्ट, किड्स प्ले एरिया, मैरी वानामेकर गल्र्स इंटर कालेज में दो बैडमिंटन कोर्ट, एक बास्केटबाल कोर्ट, एक वालीबाल कोर्ट, किड्स प्ले एरिया, हिंदू महिला इंटर कॉलेज-एक बैडमिंटन कोर्ट, एक बास्केटबाल कोर्ट, किड्स प्ले एरिया बनेगा।



