शुआट्स: अब एसआईटी करेगी मुकदमे की जांच

एक्सिस बैंक खाते से करीब 23 करोड़ का गबन का मामला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सैम हिग्गिनबॉटम युनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नोलॉजी एंड साइंस (शुआट्स) के खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच अब स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) करेगी। इसके लिए दो इंस्पेक्टर की एक टीम बनाई गई है, जो जल्द ही लखनऊ से प्रयागराज आकर प्रकरण की विवेचना करेगी। कैंट थाने में दर्ज मुकदमे की छानबीन सीबीआई भी कर चुकी है। एसआईटी की जांच में कुछ नए सुराग और साक्ष्य मिलने की संभावना जताई गई है।
दरअसल, एक्सिस बैंक की सिविल लाइंस शाखा में नैनी स्थित शुआट्स का खाता था। उस खाते से करीब 23 करोड़ का गबन हुआ था। मार्च 2017 में एक्सिस बैंक के तत्कालीन प्रबंधक योगेश तिवारी ने सिविल लाइंस थाने में बैंक के पूर्व प्रबंधक कमाल एहसान व शुआट्स के तत्कालीन एकाउंटेंट राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हाईकोर्ट के आदेश पर तत्कालीन एसपी क्राइम बृजेश मिश्रा व सीओ आलोक मिश्रा की एसआइटी गठित की गई थी। विवेचना के दौरार आरोप सही पाए जाने पर शुआट्स के कुलपति समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। साथ ही बैंक के कई कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हुई थी।
इसी तरह मृत व्यक्तियों को जीवित बताकर उनके नाम पर फर्जीवाड़ा करने का मामला भी वर्ष 2017 में उजागर हुआ था। तब हाईकोर्ट के तत्कालीन डिप्टी रजिस्ट्रार ने शुआट्सस के कुलपति, उनके अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ कैंट थाने में धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा कराया था।
करीब 23 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ईडी भी जांच कर रही है। ईडी एक्सिस बैंक के पूर्व प्रबंधक कमाल एहसान की करोड़ों रुपये की संपत्ति को अटैच करने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, शुआट्स के तत्कालीन एकाउंटेंट राजेश की करोड़ों रुपये की संपत्ति को अटैच किया जा चुका है।




