अकादमी लायंस और वॉरियर्स में होगी ख़िताबी भिड़ंत

अपरेश हलदार स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता
( अनुराग शुक्ला)
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अकादमी लायंस ने अकादमी टाईगर को 3-1 और अकादमी वॉरियर्स ने एसीईएम एफसी को टाईब्रेकर में 4-3 से हराकर
अपरेश हलदार स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली है जहां दोनों की भिड़ंत रविवार को होगी।
इलाहाबाद स्पोर्टिंग फुटबाल अकादमी के तत्वावधान में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में शनिवार को अकादमी लायंस की टीम पूरी तरह हावी होकर खेली। विजेता टीम के लिए हिमांशु गुप्ता ने दो और सुरेंद्र कुमार ने एक गोल किया। पराजित टीम का एक मात्र गोल शफ़ान खान ने किया।
दूसरे सेमीफाइनल में अकादमी वॉरियर्स और एसीईएम एफसी का मुकाबला निर्धारित समय तक गोल रहित रहने पर टाईब्रेकर में पहुंचा जिसमें वॉरियर्स के उत्कर्ष कांत, सैफ अली खान, आदित्य सिंह और सचिन शर्मा ने गोल किया जबकि एसीईएम एफसी के लिए अंकित पिल्लई, रजनीश पटेल और पंकज बिष्ट ने गोल किया।
मैच से पूर्व शाहिद कमाल खान, मो. फहद खान, मो. इजराइल और डॉ. इमरान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
इससे पूर्व खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अकादमी टाइगर्स ने लॉस ब्लांकोस को ट्राई बेकर (सडेनडेथ) में 6-5 से, अकादमी लायंस ने लूकरगंज एफसी को एकतरफा मैच में 8-0 से, अकादमी वारियर्स ने अशोक नगर एफसी को 2-0 से और एसीईएम एफसी ने रॉयल स्टार को 1-0 से हराया।
अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक शादाब रज़ा ने अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन किया।
फाइनल मुकाबला अपराह्न तीन बजे से खेला जाएगा। एबीआईसी के अध्यक्ष डॉ. रामेन्दू रॉय, प्रधानाचार्य स्वास्तिक बोस और डीएफए सचिव मकबूल अहमद अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।



