उड़ते नजर आएंगे बजरंगबली दस कलाकारों ने 13 लाख में बनाई प्रतिमा

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। संगमनगरी के लेटे हनुमानजी तो जग प्रसिद्घ हैं ही, अब बजरंगबली एक मूर्ति रूप में हवा में उड़ते भी नजर आएंगे।
दक्षिणमुखी हनुमान की ऐसी दिव्य व अनूठी प्रतिमा बनकर तैयार हो गयी है। यह प्रतिमा रामबाग स्थित हनुमान मंदिर की छत पर स्थापित की जाएगी। भक्त छत के ऊपर बजरंगबली का दर्शन-पूजन कर आशीष प्राप्त करेंगे।
हनुमान की यह अनूठी प्रतिमा शहर के वरिष्ठ मूर्तिकार डॉ. नगीना राम और 10 साथी मूर्तिकारों ने मिलकर बनाया है।
हनुमान की इस दिव्य प्रतिमा को बनाने में लगभग 13 लाख रुपये लागत आयी है। नगीना राम ने बताया कि मूर्ति का वजन 1200 किलो व लंबाई 35 फीट ऊंची है। इसे बनाने में चार माह का समय लगा है।
मूर्ति में लोहे के एंगल, प्लास्टर ऑफ पेरिस और स्टोन से कोडेड किया गया है। 10 फीट ऊंचे पिलर पर ढांचा स्थापित करके मूर्ति को अंतिम रूप दिया गया है। मूर्ति में हनुमान जी पर्वत को हाथ में लिए हुए हैं। मन्दिर पर स्थापित होने के बाद रंग-रोगन किया जाएगा।



