एक साल, 380 मुकदमे, एक का भी निस्तारण नहीं

( अनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। एक साल में 380 मुकदमे दाखिल हुए लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। जी हां, जिला उपभोक्ता प्रतितोष फोरम की यही हकीकत है।
वर्ष 2020 के 24 दिसंबर तक के आंकड़े यही कहानी बयान कर रहे हैं। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के चलते जब ग्राहकों को न्याय देने वाले इस फोरम के कार्यों की पड़ताल की गई तो यही आंकड़े सामने आए।
हालांकि इसके पीछे कई कारण हैं। फोरम में तीन हजार मुकदमे भी लंबित हैं, जिन पर सुनवाई चल रही है।
वर्ष 2019 में मुकदमों को निस्तारित करने का सिलसिला जितना तेज हुआ, उससे ज्यादा धीमा कार्य वर्ष 2020 में हुआ।
पहले अधिवक्ताओं की हड़ताल की वजह से सुनवाई प्रभावित हुई फिर उसके बाद कोरोना और इसके बाद फोरम के अध्यक्ष का सेवानिवृत्त हो जाना।
एक मात्र वरिष्ठ सदस्य सुमन पांडेय ही फोरम की कार्रवाई कर रही हैं। नियमानुसार दो सदस्य होने चाहिए, लेकिन एक पद लंबे समय से खाली चल रहा है। इन्हीं कारणों से इस साल एक भी मुकदमे का निस्तारण नहीं हुआ।



