रिजल्ट आने के दस माह बाद भी नहीं मिली नियुक्ति
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में प्रवक्ता पदों की भर्ती 2014-15 का रिजल्ट घोषित होने के दस माह बाद भी अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल सकी है।
चयनित शिक्षकों का कहना है कि इस महीने नियुक्ति पत्र नहीं मिला तो आर्थिक के साथ-साथ उन्हें दो शैक्षिक सत्र का नुकसान होगा। साथ ही सेवाकाल में वरिष्ठता का भी नुकसान होगा।
उल्लेखनीय है कि फरवरी-मार्च 2020 में परिणाम घोषित होने के बाद नियुक्ति नहीं मिलने से परेशान प्रवक्ता पद के चयनित अभ्यर्थी शिक्षा निदेशालय, माध्यमिक शिक्षा निदेशक, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक उत्तर प्रदेश से मिलकर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
चयनित अभ्यर्थियों ने 8 से 15 दिसंबर के बीच नियुक्ति के लिए खुले पोर्टल पर ऑनलाइन कॉलेज लॉक किया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि माध्यमिक सचिव की ओर से 22 दिसंबर को नियुक्ति पत्र देने की बात कही गई थी। इसके बाद चयनित प्रवक्ता 16 दिसंबर से लगातार शिक्षा निदेशालय का चक्कर लगा रहे हैं।



