शेषनाग पर विराजमान हुए गोदा रंगमन्नार, दर्शनों को उमड़ी भीड़

मथुरा( अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर भारत के विशालतम रंगनाथ मन्दिर में दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव चल रहा है। इस ब्रह्मोत्सव के बारे में कहा जाता है कि एक बार श्री ब्रह्मा जी ने कांचीपुरम में यज्ञ किया। यज्ञ से भगवान अर्चारूप में प्रगट हुए। सर्वप्रथम ब्रह्मा जी ने उन्हें प्रतिष्टित किया और उनका स्वयं उत्सब मनाया।
तभी से इस उत्सव को ब्रह्मोत्सव कहा जाता है और सभी दिव्यदेश में यह उत्सव मनाया जाता है। इसी परंपरा का अनुसरण करते हुए श्री रंग मन्दिर में प्रतिवर्ष चैत्र कृष्ण पक्ष में दस दिवसीय यह उत्सव मनाया जाता है। दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के चतुर्थ दिवस श्री शेष वाहन की सवारी निकाली गई। रजत निर्मित शेष जी पर प्रभु की सवारी आनंदित करने वाली होती है।
श्री शेष जी के साथ श्री प्रभु की अलौकिक आभा का दर्शन भक्तजनों को सेवा भाव का संदेश देने वाला है। शेष जी पर विराजमान भगवान गोदरंगमन्नार की दिव्य झांकी मानो साक्षात क्षीर सागर में शेष नाग जी पर शयन करने वाले माता लक्ष्मी सहित श्री विष्णु भगवान के दर्शनों का आनंद प्राप्त करती है। जिसके दर्शनों के लिए भक्तो की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।



