राम मंदिर निर्माण में उपमुख्यमंत्री करेंगे धन संग्रह

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी धन संग्रह करेंगे।
22 जनवरी को प्रयागराज आ रहे विहिप उपाध्यक्ष चंपत राय
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव एवं विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय 22 जनवरी को आ रहे हैं और 23 व 24 को प्रयागराज में रहकर धन संग्रह करेंगे।
उपमुख्यमंत्री प्रसाद मौर्य के 23 जनवरी को आने और धन संग्रह की सूचना है। केशव प्रसाद मौर्य लंबे समय से विहिप और राममंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और विहिप के मुखिया रहे अशोक सिंघल के सानिध्य में राजनीति में आगे बढ़े। धन संग्रह का पूरा अभियान विहिप की अगुवाई में चल रहा है।
राम मंदिर के लिए लोग दिल खोलकर दान कर रहे हैं। नैनी के भाग संघचालक दशरथ ने सह विभाग प्रचारक डॉ. पीयूष एवं जिला कार्यवाह अजय के समक्ष एक लाख एक हजार रुपये का चेक दिया। वेद, अजीत, सुकृत, प्रमोद, रजनीकांत, अंशु, नवनीत आदि स्वयंसेवक रहे। प्रीतमनगर निवासी सेवानिवृत्त चिकित्साधिकारी डॉ. सन्तोष त्रिपाठी ने 51 हजार, भारतीय वायुसेना के ठेकेदार राजकुमार त्रिपाठी ने 51 हजार, जय प्रकाश जायसवाल ने 51,551 की सहयोग राशि प्रदान की। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यवसायी सुनील केसरवानी ने टोली प्रमुख नवीन अत्री को 21 हजार का चेक समर्पित किया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रसिद्ध भूगोलविद प्रो. आरपी मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह, प्राचीन इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. हर्ष कुमार, संस्कृत विभाग के अध्यक्ष प्रो. उमाकांत यादव, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. बीके सिंह ने मंदिर के निर्माण में सहयोग राशि भेंट की। धन संग्रह करने वालों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख गजेंद्र, विजय प्रताप, विंध्याचल, विनोद, रामकृष्ण, राजेश शुक्ला, राजेश सिंह, मनीष, विश्वास, विपिन व अजीत जायसवाल आदि रहे।




