सात हजार सैंपल, मिले दो नए संक्रमित
लेवल-थ्री कोविड अस्पताल में महज पांच मरीज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। लगभग साल भर बाद यह बड़ी खुशखबरी है कि प्रयागराज में 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के महज दो नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि सैंपल सात हजार से अधिक लोगों के लिये गए थे। यह सुखद है कि इतने ज्यादा टेस्ट में भी महज दो ही मरीज मिले हैं। 200 बेड की क्षमता वाले लेवल-थ्री के कोविड अस्पताल एसआरएन में मंगलवार को महज पांच मरीज भर्ती रहे। कोरोना संक्रमण का ग्राफ कम होने से खुश जरूर हों लें लेकिन यह न भूलें कि महामारी अभी खत्म नहीं हुई है इसलिए सावधानी बरतनी जरूरी है।
कोरोना ने 2020 में अपना विकराल रूप दिखाया था। एक स्थिति यह थी कि प्रत्येक दिन 350 से अधिक नए लोगों में संक्रमण हो रहा था और चार से पांच लोगों की इससे मौत हो रही थी। मंगलवार को तो दो नए कोरोना संक्रमित ही मिले, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है।
कोविड-19 के नोडल डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि कोरोना अब पूरी तरह से कंट्रोल में है लेकिन, लोग इसका मतलब यह कतई नहीं निकालें कि कोरोना का खतरा खत्म हो गया। मुंह व नाक पर मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग और दो गज दूरी मानक का पालन जरूर करते रहें। क्योंकि जब तक सभी लोगों को टीके नहीं लग जाते तब तक खतरा बना ही रहेगा। आखिर यह भी तो ध्यान रखें कि कम ही सही लेकिन अभी नए संक्रमित मिल रहे हैं।



