Latest

आरपीएफ को मिलीं 248 महिला सिपाही

 

चेहरे पर साफ दिखी सपने पूरे होने की खुशी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर मध्य रेलवे की 19, मध्य रेलवे की 59, उत्तर रेलवे की 97, पूर्वोत्तर रेलवे की 02, उत्तर पश्चिम रेलवे की 22, पश्चिम रेलवे की 47 और पश्चिम मध्य रेलवे की 03 महिला आरक्षी प्रशिक्षुओं सहित कुल 248 महिला प्रशिक्षुओं ने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण को पूरा किया।
सपने पूरे होने की खुशी चेहरे पर साफ दिख रही थी। खाकी वर्दी पर सजी बंदूक और आगे बढ़ते कदम उनके हौसले की उड़ान को बयां कर रहे थे। सहारनपुर की ज्योति और बिजनौर की मधु कुमारी के कंधे पर जब आरपीएफ बैज सजा तो गर्व से सिर ऊंचा हो गया। उन्होंने अपने माता-पिता की परवरिश का शुक्रिया अदा किया और खुद से वादा किया कि परिवार की जिम्मेदारी अब पिता ही नहीं उनके कंधों पर भी है। मौका था सूबेदारगंज स्थित क्षेत्रीय रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र के दूसरे बैच और महिला प्रशिक्षुओं के पहले बैच के दीक्षा परेड का।
आरपीएफ के अपर महानिदेशक डॉ. अनूप श्रीवास्तव ने सलामी लेने के बाद प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई। कहा कि इनके रेल सेवा में जुडऩे से महिला सुरक्षा और सुदृढ़ होगी। परेड की कमाडर प्रशिक्षु अनीता ओला के नेतृत्व में प्रशिक्षुओं की आठ प्लाटून (कमाडर प्रशिक्षु मोहिनी यादव, सोनिया, खुशबू, सुमन कुंतल, के निर्मला, मधु कुमारी, सीमा बंदेवार व प्रशिक्षु चिनू नागर) ने परेड में सहभागिता की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालीं निर्मला, संगीता नटवरिया, प्रियंका राणा और अनीता ओला को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त एनसीआर रवींद्र वर्मा, डीआरएम मोहित चंद्रा, एनसीआर मुख्यालय से प्रमुख विभागाध्यक्ष व जोनल प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य संजय पीसे, महेंद्र सिंह सुहाग, तौसीफ आदि मौजूद रहे। संचालन निरीक्षक सुरुचि शर्मा और निरीक्षक अनिल दुबे ने किया।

Related Articles

Back to top button