Latest

एसएसपी पर ईडी की निगाहें, अभिषेक दीक्षित के खिलाफ पहले से चल रही विजिलेंस जांच

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रयागराज के पूर्व एसएसपी अभिषेक दीक्षित के खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच के साथ अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की निगाहें भी उन पर टेढ़ी हो गई हैं। प्रयागराज प्रवर्तन निदेशालय उनकी अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों का ब्योरा एकत्र कर रही है। बताया जा रहा है कि जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
प्रयागराज में तैनाती के दौरान अभिषेक दीक्षित पर भ्रष्टाचार समेत कई संगीन आरोप लगे थे। थानेदारों की तैनाती में भी अनियमितता करने का आरोप था। भ्रष्टाचार का आरोप लखनऊ तक पहुंच गया। प्रयागराज के पुलिस अफसरों ने भी अभिषेक दीक्षित पर आरोप लगाया था कि उन्होंने माफियाओं पर सख्ती से कार्रवाई नहीं की। माफिया अतीक के भाई अशरफ की गिरफ्तारी के बाद तत्काल जेल भेजने के प्रकरण में भी प्रयागराज पुलिस की किरकिरी हुई थी। इसी के बाद शासन ने अभिषेक दीक्षित को निलंबित करने के साथ ही विजिलेंस की जांच शुरू करा दी।
लखनऊ विजिलेंस की टीम ट्रांसफर पोस्टिंग में अनियमितता और आय से अधिक संपत्ति की जांच कर रही है। इसी भ्रष्टाचार की जांच रिपोर्ट के आधार पर ईडी भी अपनी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मुकदमा दर्ज होते ही ईडी भी कार्रवाई शुरू कर देगी।

Related Articles

Back to top button