आठ सरकारी स्कूलों में 82 कक्षाएं होंगी स्मार्ट

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 1.08 करोड़ का टेंडर जारी
( विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल शहर के आठ सरकारी स्कूलों में 82 कक्षाएं स्मार्ट होंगी। एक करोड़ आठ लाख रुपये की अनुमानित लागत से होने वाले काम के लिए टेंडर जारी हो गया है। सर्वाधिक 32 कक्षाएं राजकीय इंटर कॉलेज और 18 भारत स्काउट एवं गाइड इंटर कॉलेज की स्मार्ट बनाई जाएंगी।
इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिविल लाइंस की 11, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटरा की 9 जबकि प्राथमिक विद्यालय राजापुर, लूकरगंज, एलनगंज और हरवारा की तीन-तीन कक्षाओं में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन कक्षाओं में ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाई-लिखाई की सुविधा होगी। कक्षाओं में प्लास्टर, पेंटिंग, छत को वाटरप्रूफ करने के साथ ही फर्श की मरम्मत करवाएंगे। दरवाजे, खिड़की, वेंटीलेटर को भी दुरुस्त करेंगे। नेशनल बिल्डिंग कोड के मानक के अनुरूप लाइटिंग, समेत अन्य सुविधाएं सुलभ होगी।




