शारीरिक परीक्षा में पास अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का होगा मिलान

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग व्यायाम प्रशिक्षक और क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 728 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा में पात्र पाए गए अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का मिलान 22 मार्च से कराएगा। इसके आधार पर अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे मंजूरी दी गई। आयोग के सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इसके मुताबिक व्यायाम प्रशिक्षक और क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के लिए एक दिसंबर से 18 दिसंबर 2020 तक शारीरिक परीक्षा आयोजित की गई।
व्यायाम प्रशिक्षक के लिए 731 अभ्यर्थियों में 129 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें से 30 न्यूनतम शारीरिक स्वस्थ्यता मापदंड और शारीरिक पात्रता परीक्षा में सफल रहे। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के लिए 1551 अभ्यर्थी बुलाए गए। जिसमें से 772 उपस्थित हुए। इनमें से 333 अभ्यर्थी न्यूनतम शारीरिक स्वस्थता मापदंड तथा शारीरिक पात्रता परीक्षा सफल रहे।



