बैंड बाजे के साथ लोकनाथ से निकली ऐतिहासिक शिव बरात

शिव बारातों में देवी-देवताओं संग भूत-प्रेत बाराती बनकर निकले।
( अनुराग शुक्ला / विनय मिश्रा )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला ने शहर को जहां भक्ति के रस से सराबोर कर दिया वहीं इस भक्तिमय वातावरण में महाशिवरात्रि ने और रस घोल दिया। जहां एक ओर भक्तों की टोली अपने भोले की बारात की तैयारियों में जुटी रही, वहीं मंदिरों की छटा भी निराली ही दिखी। श्रद्धालु तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते थे।लोकनाथ से निकली शिव बरात बैंडबाजा, रोड लाइट और शाही ठाट बाट के साथ महाशिवरात्रि पर निकली शिव बारातों में देवी-देवताओं संग भूत-प्रेत बाराती बनकर निकले। डीजे पर तरह-तरह के वेश में सजे बारातियों का सड़कों पर नृत्य देखते बन रहा था। लोकनाथ, कटरा कीडगंज सतीचौरा मुट्ठीगंज और खुल्दाबाद से निकली बारातों के पीछे पूरा मुहल्ला चल रहा था। लोकनाथ से निकली बारात में तरह-तरह के बैंड और लाइट के साथ रथों पर चौकियां सजाई गई थीं। गाजे बाजे के साथ निकली बारात में काली, दुर्गा, सरस्वती समेत हनुमान, गणेश व अन्य देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इसी तरह शाम कटरा ट्यूबवेल के पास फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल, महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी की मौजूदगी में शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।

बैंडबाजा के साथ निकली शोभायात्रा में रथों पर राम दरबार के अलावा शिव, गणेश, दुर्गा, काली की चौकियां हर किसी का मन मोह रही थीं। विभिनन मार्गों से होकर गुजरी बारात की झलक पाने के लिए कटरा में सड़कों की पटरियों से लेकर छतों, बारजों तक लोग खड़े रहे। रास्ते भर पुष्प वर्षा होती रही। इन शिव बारातों में आसपास के लोग देवी-देवता व भूत-प्रेत के वेश में नाचते थिरकते रहे।



