कैबिनेट मंत्री ने स्नातक चुनाव को लेकर की बैठक

– भाजपा प्रत्याशी यज्ञ दत्त शर्मा को विजयी बनाने के लिए तैयार की गई रणनीति
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन चुनाव में भाजपा प्रत्याशी यज्ञ दत्त शर्मा को विजयी बनाने व भारी मतों से विजयी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन, अल्पसंख्यक कल्याण, हज एवं वक्फ बोर्ड मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। मीरापुर स्थित हरि मंदिर धर्मशाला, कीडगंज स्थित शिशु संगम स्कूल और नैनी स्थित ग्रीन गार्डेन लाॅन में कैबिनेट मंत्री ने भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने सभी से एक-एक मतदाता के घर जाने और संपर्क करने के लिए कहा। कहा कि इलाहाबाद झांसी स्नातक क्षेत्र के पार्टी उम्मीदवार यज्ञदत्त शर्मा को विजय बनाने के लिए हम सभी को एक जुट होकर कार्य करना है। मोदी एवं योगी को मजबूत बनाने के लिए जाति, बिरादरी एवं मजहब की दीवारों को तोड़कर समाज के हर वर्ग में जाकर भाजपा उम्मीदवार को हर हाल में विजय बनाना है। बैठक में मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह, दिनेश विश्वकर्मा, मनोज मिश्रा, किशोरी लाल, दिलीप केसरवानी, अनिल केसरवानी झल्लर, संजय केसरवानी आदि शामिल रहे।




