Latest

इविवि: दीक्षांत समारोह के लिए प्रायोजक का इंतजार

कुलपति के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन

ऑनलाइन या ऑफलाइन हो सकता है दीक्षांत समारोह

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में 23 सितंबर को दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। इस आयोजन के लिए इविवि प्रशासन को अब प्रायोजक की तलाश है। इसके लिए कुलपति के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। इस कमेटी के सदस्‍य अब समारोह के लिए प्रायोजक की तलाश करेंगे।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सभी डीन, विभागाध्यक्ष, डायरेक्टर एवं कोऑर्डिनेटर की 22 मई को बैठक आयोजित हुई थी। इस बैठक के उपरांत ने बताया था कि इस वर्ष विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह 23 सितंबर 20-21 को आयोजित किया जाएगा। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि दीक्षा समारोह ऑनलाइन होगा या ऑफलाइन यह निर्णय कोविड संक्रमण की स्थिति को देखकर लिया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के सिलसिले में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न मेडल और छात्रवृत्ति प्रायोजित करने के प्रस्तावों को आमंत्रित किया जा रहा है। ज्ञात हो कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के अवसर पर पूर्व में भी मेडल और छात्रवृत्ति हेतु प्रस्ताव आमंत्रित किए जाते रहें हैं। सहायक जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. चित्तरंजन कुमार ने बताया कोई भी व्यक्ति अपने किसी प्रियजन या किसी विद्वान की स्मृति में उनके नाम से छात्रों के लिए मेडल और छात्रवृत्ति का प्रस्ताव विश्वविद्यालय को भेज सकता है।
इससे जुड़े सारे विवरण इविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इन प्रस्तावों पर विचार करने के लिए कुलपति की अनुमति से तीन सदस्यीय मेडल कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में प्रो. वंदना सिंह को अध्यक्ष, प्रो. आशीष खरे और प्रो. आरके सिंह को सदस्य नियुक्त किया गया है। यह कमेटी प्रस्तावों पर विचार करके अंतिम निर्णय लेगी।
इविवि के सहायक पीआरओ डॉ. चित्तरंजन कुमार ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर दीक्षा समिति के लिए अलग-अलग कमिटियों का गठन किया जा रहा है। फिलहाल मेडल के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button