मेडिकल गोदाम में लगी आग, क्षेत्र में मची खलबली

(अनंत पांडेय) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नई बस्ती कीडगंज में मंगलवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से एक मेडिकल स्टोर व घर में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं देखकर पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कीडगंज पुलिस ने बताया कि नई बस्ती निवासी विवेश मिश्रा के दो मंजिला मकान में नीचे वाले हिस्से में मिश्रा मेडिकल के नाम से गोदाम है। उनका होलसेल में दवा का कारोबार है। मंगलवार को वह परिवार के साथ होली मिलने गए थे। इस दौरान घर पर ताला बंद था। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पहली मंजिल और नीचे दुकान और घर में आग की लपटें बढ़ती गईं। सूचना मिलने पर पहुंची कीडगंज पुलिस व दमकल ने दरवाजा तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। एक घंटे से अधिक मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण किया जा सका लेकिन तब तक आग से लाखों का नुकसान हो चुका था। सूचना मिलने पर विवेश मिश्रा भी पहुंच गए।




