खुद का उद्यम लगाने की तैयारी में दिख रहे युवा

कोरोना काल में 1413 ने किया ऋण के लिए आवेदन
तीन योजनाओं में बांटे 34 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। स्टार्ट अप योजना के प्रति युवाओं का रूझान बढ़ा है। कोरोना काल में नौकरी जाने के बाद युवा खुद का उद्यम लगाने की सोच रहे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष में नए उद्यम लगाने के लिए लोगों ने रिकार्ड आवेदन भी किए और उसी के अनुरूप उन्हें ऋण भी मुहैया कराए गए। स्टार्ट अप शुरू होने का सत्यापन भी उद्योग विभाग और संबंधित बैंकों के अफसरों द्वारा किया गया।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में 584, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत 605 और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत 224 लोगों (कुल 1413) ने आवेदन किए। इसमें से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 125 लोगों को 1614.98 लाख, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार कार्यक्रम के अंतर्गत 105 लोगों को 1265.15 लाख और ओडीओपी के तहत 52 लोगों (कुल 272) को 523.44 लाख का लोन मिला।
तीन सालों की तुलना में इन तीनों योजनाओं में गत वित्तीय वर्ष में आवेदन करने वालों की संख्या सर्वाधिक रही और लोन भी ज्यादा लोगों को मिले। उपायुक्त उद्योग अजय कुमार चौरसिया ने बताया कि खुद के रोजगार के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक लोगों ने आवेदन किए। आवेदन के अनुरूप पात्र लोगों को ऋण भी मुहैया कराए गए। तीन योजनाओं में 34 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन लोगों को दिए गए।




