कंस्ट्रेटर स्वत: ऑक्सीजन बनाता है। एक मशीन की कीमत 75 हजार रुपये- लालू मित्तल

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर खरीदने की योजना बनाई है। व्यापार मंडल की ओर से बीमार लोगों को ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मुफ्त मुहैया कराया जाएगा। शहरवासियों की मदद के लिए व्यापार मंडल ने पांच मशीनों का ऑर्डर दिया है। पांच-पांच लीटर क्षमता वाले कंस्ट्रेटर शहर के बाहर से मंगवाए जा रहे हैं। दो कंस्ट्रेटर इसी सप्ताह पहुंचने की संभावना है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष लालू मित्तल ने बताया कि कंस्ट्रेटर स्वत: ऑक्सीजन बनाता है। एक मशीन की कीमत 75 हजार रुपये है। लालू ने कहा कि इस वक्त ऑक्सीजन का जबर्दस्त संकट है। ऐसे में शहर के सभी व्यापारी संगठनों को ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर देकर बीमार लोगों की मदद करनी चाहिए। इससे लोगों की जिंदगी बचेगी और अनावश्यक खर्च भी नहीं होगा। संक्रमितों को घर-घर भोजन पहुंचाने पर लालू ने कहा कि जोमैटो और स्वीगी से बात हो रही है। उनकी दरें ठीक मिलीं तो संक्रमितों को घर-घर भोजन पहुंचाने की भी व्यवस्था हो जाएगी। अभी लगभग 50 संक्रमितों को भोजन दिया जा रहा है। घरों में भोजन पहुंचाने की मांग करने वाले अधिक हैं। इसलिए घर-घर भोजन पहुंचाने वाली एजेंसियों से बात की जा रही है।


