दो युवकों ने एक कंपनी के एजेंट को तमंचा सटाकर डेढ़ लाख रुपये की लूट

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। बम्हरौली में गुरुवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने एक कंपनी के एजेंट को तमंचा सटाकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। वारदात अंजाम देकर लुटेरे फरार हो गए। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही डीआईजी समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस ने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार भागते हुए नजर नहीं आए हैं। पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर एंगल पर जांच कर रही है। कौशाबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी पुरानी बाजार निवासी सद्दाम हुसैन एक कंपनी में एजेंट है। रोज की तरह गुरुवार को उसने दुकानों से वसूली कर लगभग डेढ़ लाख रुपये एकत्र किया।
दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही डीआईजी समेत अन्य पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे।
दोपहर में रुपये लेकर वह प्रयागराज स्थित कार्यालय में जमा करने आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में बम्हरौली के झपिया रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने सद्दाम की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। धमकी दी कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे। इसके बाद रुपयों का बैग लूट कर फरार हो गए। लूट की सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाने की पुलिस पहुंच गई। थोड़ी देर में घटना स्थल पर पहुंचे डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी और सीओ सिविल लाइंस ने पीड़ित से पूछताछ की। डीआईजी ने बताया कि घटना स्थल से 100 मीटर की दूरी पर लगे सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार लुटेरे नजर नहीं आए हैं। पीड़ित की शिकायत पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।




