ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले 3 लोग गिरफ्तार

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। महामारी के इस दौर में ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले तीन लोगों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इन अभियुक्तों को एसओजी और धूमनगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने पकड़ा। अभियुक्तों के कब्जे से दस लीटर का भरा हुआ एक सिलेंडर, हजारों रुपए नकदी और तीन अदद मोबाइल बरामद हुआ है। रविवार को एसओजी के शहर प्रभारी उप निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ धूमनगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई की जीवन रक्षक ऑक्सीजन गैस की कालाबाजारी करने वाले तीन लोग थानाक्षेत्र में बजरंग चौराहे के समीप मौजूद हैं। मुखबिर से मिली जानकारी से उन्होंने प्रभारी निरीक्षक धूमनगंज अनुपम शर्मा को अवगत कराया और उनके नेतृत्व में घेराबंदी कर बताई गई जगह से तीन लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम लईक अहमद पुत्र मोहम्मद फसी निवासी, नईम पुत्र नसीरुद्दीन निवासीगण करेली और मोबीन अहमद पुत्र स्वर्गीय अतीक अहमद निवासी रोही भरवारी थाना कोखराज बताया। पकड़े गए अभियुक्तों के विरुद्ध धूमनगंज थाने में महामारी अधिनियम की धारा सहित दूसरी अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।


