Latest

यूपी बोर्ड: छमाही और प्री बोर्ड अंक के लिए दो दिन बढ़ाया समय

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल की छमाही और प्री बोर्ड परीक्षा के अंक अपलोड करने की समयसीमा दो दिन और बढ़ा दी है।

अब स्कूलों के प्रधानाचार्य 20 मई की शाम तक नंबर अपलोड कर सकते हैं। सोमवार को सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने प्रदेशभर के 26 हजार से अधिक स्कूलों को मंगलवार शाम तक प्राप्तांक और पूर्णांक अपलोड करने के निर्देश दिए थे।

हालांकि बोर्ड अपनी वेबसाइट पर अंक अपलोड करने के लिए लिंक मंगलवार सुबह उपलब्ध करा सका। आदेश मिलने के बाद सोमवार देर रात तक स्कूल संचालक और साइबर कैफे वाले अंक अपलोड करने को परेशान रहे। स्कूल की यूजर आईडी और पासवर्ड डालने पर मैसेज आ रहा था कि ओटीपी स्कूल के मेल पर भेज दिया गया है।

जबकि स्कूल के मेल एड्रेस पर ओटीपी नहीं मिल रहा था। मंगलवार सुबह 6 बजे के बाद वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध हुआ।

शुरुआत में प्रधानाचार्यों में संशय था कि पूर्णांक कितना रखा जाए लेकिन 9.30 बजे वेबसाइट पर अपडेट हुआ कि आंतरिक मूल्यांकन के 30 नंबर पहले ही अपलोड हो चुके हैं। इसलिए स्कूल 70 नंबर पूर्णांक के आधार पर नंबर अपलोड करें। मंगलवार दोपहर में अंक अपलोड करने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय मिलने पर स्कूल संचालकों ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Back to top button