Latest

मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. एसपी सिंह ने कहा ब्लैक फंगस का पहला आपरेशन सफल रहा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। म्यूकॉरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) का प्रयागराज के डाक्टरों ने बुधवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में पहला आपरेशन किया।

छह डाक्टरों की टीम ने मरीज की नाक के भीतरी हिस्से से ब्लैक फंगस के टिश्यू निकाल दिए

श्रावस्ती निवासी 32 वर्षीय युवक का आपरेशन इंडोस्कोपी यानी दूरबीन विधि से करीब ढाई घंटे में पूरा हो पाया। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के नाक कान गला (ईएनटी) विभागाध्यक्ष डा. सचिन जैन के नेतृत्व में छह डाक्टरों की टीम ने मरीज की नाक के भीतरी हिस्से से ब्लैक फंगस के टिश्यू निकाल दिए। इस सफलता पर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. एसपी सिंह ने पूरी टीम को बधाई दी है।

*तीन दिन पहले भर्ती हुआ था मरीज*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। डा. सचिन जैन के अनुसार मरीज तीन दिन पहले स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय मेें भर्ती हुआ था। इससे पहले उसने कोरोना पॉजिटिव होने पर अपना इलाज श्रावस्ती में ही कराया था। सात मई को आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे श्रावस्ती से डिस्चार्ज किया गया था।

*जांच में दिखे ब्‍लैक फंगस के लक्षण*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कुछ दिनों बाद उसे नाक और आंख में दिक्कत महसूस हुई। सीटी स्कैन और एमआरआइ कराई तो उसे पता चला कि ब्लैक फंगस के लक्षण हैं। दो तीन जिलों में जाने पर इलाज नहीं हो सका तो वह प्रयागराज आया था। उसे एसआरएन में भर्ती किया गया था।

इंडोस्‍कोपी विधि से ढाई घंटे में छह डॉक्‍टरों की टीम ने की सर्जरी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मरीज का आपरेशन करने के लिए निर्णय मंगलवार को हुआ। रात में उसका आरटी पीसीआर टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ब्लैक फंगस की सर्जरी का प्लान तैयार किया गया। बुधवार को दिन में करीब 11 से डेढ़ बजे तक आपरेशन हुआ। दूरबीन विधि से मरीज की नाक से ब्लैक फंगस के टिश्यू निकाल दिए गए। अब उसे चार पांच दिन एसआरएन में ही निगरानी में रखा जाएगा। तब तक एंटी फंगल दवा दी जाएगी। महीने भर बाद इंडोस्कोपी विधि से उसकी दोबारा जांच होगी।

पाइप के द्वारा दी जाती रही आक्सीजन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। ब्लैक फंगस का मरीज जब से एसआरएन में भर्ती हुआ, तब से उसे अन्य मरीजों की तरह ही बेड पर पाइप के जरिए आक्सीजन दी जाती रही। इससे उसे साधारण तरीके से सांस मिलती रही।

ये चिकित्सक रहे शामिल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सर्जरी करने वाली टीम में नेत्र विशेषज्ञ डा. जागृति राना, न्यूरो सर्जन डा. एसडी पांडेय, एमडी मेडिसिन डा. जितेंद्र शुक्ला, ईएनटी सर्जन डा. रामसिया, एनस्थेटिक डा. वैभव सिंह शामिल रहे। लेवेल थ्री कोविड अस्पताल के अधीक्षक डा. मोहित जैन, एसआरएन के प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा. अजय सक्सेना का इस आपरेशन में निर्देशन रहा।

दहशत में न रहें, एहतियात बरतें

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. एसपी सिंह ने कहा कि ब्लैक फंगस का पहला आपरेशन सफल रहा। इसके लिए पूरी टीम को बधाई। अब मरीज के जल्द स्वस्थ होने की कामना है। कहा कि ब्लैक फंगस से दहशत में आने की कोई जरूरत नहीं है। इसकी दवा भी लाई जा रही है। लेकिन, कोविड से ठीक हुए लोगों को पूरा एहतियात बरतना होगा।

Related Articles

Back to top button