यूपी बोर्ड: 10वीं रिजल्ट के इंतजार के बीच 11वीं की ऑनलाइन क्लासेस शुरू

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं अजीब हालात में उलझे हैं। एक तरफ सरकार यह तय नहीं कर सकी है कि 10वीं के तकरीबन 30 लाख बच्चों की परीक्षा ले या प्रमोट करे। वहीं गुरुवार से 11वीं की ऑनलाइन पढ़ाई भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल बच्चों को समझ नहीं आ रहा कि 10वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी करें या 11वीं की क्लास शुरू करें।
बच्चे अपने स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुपों पर मैसेज करके शिक्षकों से पूछ रहे हैं कि क्या करें, लेकिन किसी के पास कोई जवाब नहीं हैं। इसी असमंजस के कारण कई स्कूलों ने अभी 11वीं की कक्षाएं शुरू नहीं की हैं। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र का कहना है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर पैदा असमंजस के कारण अभी 11वीं की कक्षाएं शुरू नहीं की है। बच्चों को बाद में सूचित करने को कहा गया है।
*हजारों बच्चों के पास स्मार्ट मोबाइल नहीं, कैसे करें पढ़ाई*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हजारों बच्चों के पास स्मार्टफोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप या टैबलेट नहीं होने से ऑनलाइन क्लास नहीं कर पा रहे हैं। पिछले साल 9 से 12 तक जिले के 40 हजार से अधिक बच्चे संसाधनों का अभाव होने के कारण ऑनलाइन कक्षा ज्वाइन नहीं कर पा रहे थे।




