संतोष श्रीवास्तव बने उप्र लोक सेवा आयोग के सदस्य

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कुशीनगर के रिटायर जिला जज संतोष कुमार श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य बनाए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष संजय श्रीनेत ने संतोष कुमार श्रीवास्तव को आयोग के सदस्य के रूप में शपथ दिलाकर पदभार ग्रहण कराया।
बलिया जिले के मूल निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव एचजेएस संवर्ग से न्यायिक सेवा में आए थे। वह इलाहाबाद में प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश भी रहे। अब आयोग में सदस्यों की संख्या सात हो गई है। बलिया के बधुड़ी गांव, सिकन्दपुर के मूल निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव का वाराणसी में भी आवास है। आयोग में वैसे तो आठ सदस्यों का प्रावधान है। लेकिन पिछले महीने एक सदस्य पीके सिंह के रिटायर होने के बाद से दो पद खाली चल रहे थे। एक और रिक्त पद पर चयन की कार्यवाही चल रही है और एक महीने में नया सदस्य मिलने की उम्मीद है। उच्च न्यायालय कर्म अधिकारी संघ के महासचिव बृजेश कुमार शुक्ल ने आयोग का सदस्य नियुक्त होने पर संतोष कुमार श्रीवास्तव को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।


