ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा घोषित कर देगी जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा पिछड़ी जाति का प्रत्याशी घोषित करने के बाद भाजपा में भी इस पद के लिए प्रत्याशियों ने जोर आजमाइश करनी शुरू कर दी है। सपा द्वारा महिला प्रत्याशी को मैदान में खड़ा करने के बाद भाजपा में अब सामान्य जाति के नेता को ही प्रत्याशी बनाने की बात कही जा रही है। इस सप्ताह होने वाले ग्राम पंचायत प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के शपथ के बाद पार्टी द्वारा जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इसके लिए पार्टी ने स्थानीय स्तर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दोनों सांसद एवं सभी विधायकों से राय मश्वरा कर लिया है।
इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, सपा समेत किसी भी दल के पास अभी तक 43 प्रत्याशियों का समर्थन नहीं है। पिछले सप्ताह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में 15 जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा ज्वाइन की, लेकिन इसके बाद भी पार्टी के पास अभी 29 सदस्य ही है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया। पिछड़ी जाति की महिला प्रत्याशी का नाम घोषित होने के बाद अब भाजपा में चर्चा इस बात की चल रही है कि पार्टी सामान्य जाति के उम्मीदवार को अपना प्रत्याशी बना सकती है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से राय मश्वरा के बाद पार्टी ने उम्मीदवार का नाम भी तकरीबन फाइनल कर लिया है। इस बीच 22 मई को प्रयागराज पहुंचे प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह से भी इस बारे में पार्टी पदाधिकारियों की चर्चा हो गई है। उनसे शनिवार को अध्यक्ष पद के कई संभावित दावेदारों ने मुलाकात भी की। अब शपथ ग्रहण समारोह के बाद जिला पंचायत के कुछ और सदस्य भी भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गंगापार से डा. वीके सिंह, यमुनापार से रेखा सिंह आदि का नाम अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है। यमुनापार से पार्टी के एक गुट ने नीलम पटेल आदि का नाम भी उछाला है। भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नरेंद्र देव पांडेय का कहना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भाजपा को ही मिलेगा। प्रत्याशी के नाम की घोषणा इसी सप्ताह संभव है।



