यूपी बोर्ड: 12वीं के 26 लाख छात्रों का प्री बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट मांगा

कई स्कूलों ने नहीं दी छमाही व प्री बोर्ड की सूचना
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। यूपी बोर्ड ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए पंजीकृत 2609501 छात्र-छात्राओं की फरवरी में आयोजित प्री बोर्ड परीक्षा का परिणाम 28 मई की शाम तक तक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षकों को 22 मई को भेजे पत्र में सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने सभी संस्थागत और व्यक्तिगत विद्यार्थियों की कक्षा 11 की छमाही एवं वार्षिक परीक्षा का विषयवार प्राप्तांक और पूर्णांक भी बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कक्षा 11 की कृषि भाग-1 की बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं की 2020-21 शैक्षिक सत्र में आयोजित छमाही परीक्षा का परिणाम भी उपलब्ध कराने को कहा है। किसी स्कूल की सूचना शून्य होने पर उसकी अलग से सूची बनाकर कारण सहित बोर्ड कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड से संबद्ध 27825 स्कूलों में से कई ने हाईस्कूल की छमाही और प्री बोर्ड परीक्षा का परिणाम अपलोड नहीं किया है। बोर्ड ने 20 मई की शाम तक अपलोड करने का अवसर दिया था। वहीं, 2021 की हाईस्कूल परीक्षा के लिए पंजीकृत छात्र-छात्राओं की कक्षा 9 की वार्षिक परीक्षा और प्रोजेक्ट कार्य का परिणाम अपलोड करने की आखिरी तारीख सोमवार को पूरी हो गई।


