Latest

शाइस्ता ने किया दावा, जमीन पर हक लेकर रहेंगे

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। लूकरगंज में नजूल यानी सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के महीनों बाद उस पर गरीबों के फ्लैट के लिए भूमि पूजन होने पर माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता सामने आईं और उस जमीन पर अपना दावा पेश कर दिया। सोमवार को इस मसले पर प्रेस वार्ता बुलाकर शाइस्ता परवीन ने दावा किया कि वह जमीन उनके करीबी रफतउल्लाह की है और इसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। क्षेत्रीय विधायक ने गलत ढंग से इसका भूमि पूजन कराया है। शाइस्ता ने इस जमीन के लिए लड़ाई लड़ने और उस पर दोबारा काबिज होने का पूरा प्रयास करने का भी ऐलान किया।

*शाइस्ता ने किया दावा, जमीन पर हक लेकर रहेंगे*

सीएम द्वारा भूमि पूजन के दूसरे ही रोज सोमवार शाम चार बजे माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन ने सिविल लाइंस के एक होटल में प्रेस वार्ता की और कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस जमीन पर गरीबों को आवास देने के लिए भूमि पूजन किया है, वह जमीन रफत उल्लाह उर्फ अच्छे के नाम है। इसका मामला भी न्यायालय में चल रहा है। क्षेत्रीय विधायक (सिद्धार्थ नाथ सिंह) ने गलत तरीके से इसका भूमि पूजन करवाया है। अब इस जमीन को लेकर हम लड़ेंगे और इस पर अपना नाम चढ़वाएंगे। हम अपनी पुश्तैनी जमीन पर गरीबों के लिए घर बनाएंगे और उन्हें देंगे। उल्लेखनीय है कि एंटी माफिया आपरेशन के दौरान प्रयागराज में प्रशासन 59 इमारतों को ध्वस्त किया जिन्हें सरकारी जमीन पर बनाया गया था या फिर बिना नक्शा पास कराए निर्माण करा लिया गया था। विधायक राजू पाल हत्याकांड के आरोपित माफिया अतीक गिरफ्तारी के बाद तीन साल से अहमदाबाद की साबरमती जेल में हैं जबकि उनका भाई अशरफ बरेली की जेल में बंद है। अतीक की पत्नी शाइस्ता ने कुछ समय पहले प्रयागराज में असद्दुदीन ओवैसी की मौजूदगी में उनकी पार्टी की सदस्यता ले ली थी।

Related Articles

Back to top button