इस वर्ष माघ मेले में पुलिस थानों एवं खोया पाया केंद्र के चिन्हिकरण हेतु विशेष गुब्बारे तथा शौचालयों के चिन्हिकरण हेतु रंगीन लाइट की व्यवस्था की गई है

स्नान के समय श्रद्धालुओं के सामानों की सुरक्षा हेतु क्लॉक रूम की भी व्यवस्था की गई है
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आगामी माघ मेला को श्रद्धालुओं हेतु और सुगम एवं सुरक्षित बनाने के दृष्टिगत मेला प्रशासन द्वारा इस वर्ष कुछ नए इंतजाम किए गए हैं। इस वर्ष आयोजित किए जा रहे माघ मेले में श्रद्धालुओं को पुलिस थानों, खोया पाया केंद्र एवं शौचालयों को दूर से ही चिन्हित करने में आसानी हो इसके लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है। मेला प्रशासन ने सभी पुलिस थानों के ऊपर एक विशेष प्रकार के गुब्बारे लगाने, जिसमें उस थाने का विवरण अंकित होगा, की व्यवस्था की है। इससे कौन सा थाना कितनी दूर पर है श्रद्धालुओं के लिए यह चिन्हित करना आसान हो जाएगा। इस क्रम में ऐसी ही व्यवस्था खोया पाया केंद्र एवं शौचालयों के चिन्हिकरण के लिए भी बनाई गई है। जहां खोया पाया केंद्र के चिन्हिकरण के लिए भी ऐसे ही गुब्बारे लगाए जाएंगे शौचालयों के चिन्हिकरण हेतु उनके ऊपर रंगीन लाइट की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही स्नानार्थी स्नान के समय अपना सामान सुरक्षित रख सकें इसके दृष्टिगत मेला प्रशासन ने क्लॉक रूम की भी व्यवस्था की है। सभी घाटों पर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे जहां पर सभी स्नानार्थी निशुल्क अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। मेला अधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि यह सारी व्यवस्थाएं विगत वर्षों में श्रद्धालुओं द्वारा शौचालयों, पुलिस थानों तथा खोया पाया केंद्रों के चिन्हिकरण एवं स्नान के समय अपने सामान को सुरक्षित रखने में आ रही समस्याओं के दृष्टिगत की गई हैं।




