Latest

इफको की नैनो यूरिया यूपी के किसानों को पहले मिलेगी

32 करोड़ बोतलों में समा जाएगी 1.37 करोड़ टन खाद

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने नैनो यूरिया तरल की अपनी पहली खेप किसानों के उपयोग के लिए उत्तर प्रदेश भेजी है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इफको की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
नैनो यूरिया तरल एक नया और अनोखा उर्वरक है जिसे दुनिया में पहली बार इफको द्वारा गुजरात के कलोल के नैनो बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर में पेटेंटेड तकनीक से विकसित किया गया है।

*21वीं सदी का उत्पाद*

इफको के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय शंकर अवस्थी ने 31 मई, 2021 को नई दिल्ली में हुई प्रतिनिधि महासभा के सदस्यों की 50वीं वार्षिक आमसभा की बैठक के दौरान इस उत्पाद को दुनिया के सामने पेश किया। इसकी पहली खेप को गुजरात के कलोल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। फको के उपाध्यक्ष दिलीप संघाणी ने कहा कि “इफको नैनो यूरिया 21वीं सदी का उत्पाद है। आज के समय की जरूरत है कि हम पर्यावरण, मृदा, वायु और जल को स्वच्छ और सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करें।”

*आंवला और फूलपुर में हो रही तैयार*

गुजरात के कलोल एवं उत्तर प्रदेश के आंवला और फूलपुर की इफको की इकाइयों में नैनो यूरिया संयंत्रों के निर्माण की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। प्रथम चरण में 14 करोड़ बोतलों की वार्षिक उत्पादन क्षमता विकसित की जा रही है। दूसरे चरण में वर्ष 2023 तक अतिरिक्त 18 करोड़ बोतलों का उत्पादन किया जाएगा। इस प्रकार वर्ष 2023 तक ये 32 करोड़ बोतलें संभवतः 1.37 करोड़ टन यूरिया की जगह लेंगी।

*नैनो यूरिया के फायदे*

इफको नैनो यूरिया पर्यावरण की दृष्टि से अनुकूल है। लीचिंग और गैसीय उत्सर्जन के जरिये खेतों से हो रहे पोषक तत्वों के नुकसान से पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर असर हो रहा है। इसे नैनो यूरिया के प्रयोग से कम किया जा सकता है क्योंकि इसका कोई अवशिष्ट प्रभाव नहीं है।
नैनो यूरिया इफको के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इफकोबाजार डॉट इन’ (www.iffcobazar.in) के अलावा इसे सहकारी बिक्री और विपणन व्यवस्थाओं के माध्यम से प्राप्त किया जा सकेगा। भारतीय किसान उवर्रक सहकारिता लिमिटेड (इफको) ने एक बयान में कहा, ‘इफको नैनो यूरिया लिक्विड किसानों को सस्ता बैठेगा। यह किसानों की आय बढ़ाने में प्रभावी होगा। नैनो यूरिया की 500 मिलीलीटर की एक बोतल पारंपरिक यूरिया की कम से कम एक बोरी की बराबरी करेगा। भारत में खपत होने वाले कुल नाइट्रोजन उर्वरकों में से 82 प्रतिशत हिस्सा यूरिया का है और पिछले कुछ वर्षों में इसकी खपत में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2020-21 के दौरान यूरिया की खपत 3.7 करोड़ टन तक पहुँचने का अनुमान है।
परम्परागत यूरिया का लगभग 30-50 प्रतिशत नाइट्रोजन ही पौधों के काम आता है। बाकी वाष्पीकरण और पानी व मिट्टी के बहाव व कटाव आदि के बीच रासायनिक परिवर्तनों के चलते बेकार चला जाता है।
तरल नैनो यूरिया से पोषक तत्वों का सदुपायोग बढ़ता है और यह लम्बे समय में प्रदूषण और वायुमंडल गर्म होने की समस्या को कम करने में सहायक हो सकता है।

Related Articles

Back to top button