इविवि: नए सत्र में दाखिले को लेकर फैसला जल्द

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र 2020-21 में दाखिले की कवायद तेज हो गई है। प्रवेश को लेकर जल्द निर्णय होगा। इसके लिए कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रवेश प्रकोष्ठ समिति के कोर सदस्यों की बैठक सोमवार अथवा मंगलवार होगी। बैठक के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाने की उम्मीद है। ज्ञात हो कि अब तक प्रवेश परीक्षा को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया। सत्र प्रभावित होने की आशंका जताते हुए इविवि प्रशासन ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को पत्र भी भेजा। इसके बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर अब इविवि प्रशासन ने सत्र प्रभावित होने से बचाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। सूत्रों की माने तों एनटीए केवल स्नातक और परास्नातक की प्रवेश परीक्षा कराएगी। सोमवार अथवा मंगलवार को प्रवेश प्रकोष्ठ की बैठक बुलाई जा सकती है। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रवेश की प्रक्रिया कब से शुरू होगी। फिलहाल कयास लगाए जा रहे हैं कि जुलाई अथवा अगस्त में प्रवेश परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि सोमवार या मंगलवार को प्रवेश प्रकोष्ठ के कोर सदस्यों की बैठक है। इसके बाद ही कुछ तय होगा।




