पुलिसकर्मियों ने तीर्थ पुरोहित से की मारपीट, महासभा से मदद की गुहार

विंध्याचल (अनुराग दर्शन समाचार) । मां विंध्यवासिनी मंदिर में पुलिस कर्मियों द्वारा तीर्थ पुरोहित से मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि वह अपने परिचितों और रिश्तेदारों को तो मंदिर में सीधे दर्शन कराते हैं लेकिन जब तीर्थ पुरोहित अपने यजमानों को लेकर जाते हैं तो पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ बदसलूकी की जाती है। घटना से आहत तीर्थ पुरोहित ने श्री विंध्य पंडाल समिति अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष को पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई है।
ऐसी ही एक घटना सोमवार को घटी। आरोप है कि तीर्थ पुरोहित अमित पांडे मंदिर खुलने पर अपने यजमानों को लेकर दर्शन कराने मंदिर के भीतर गए तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों मैं उनके साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की। तीर्थ पुरोहित का आरोप है कि पुलिसकर्मियों के मनमानी रवैये की शिकायत स्थानीय विधायक रत्नाकर मिश्रा से भी की गई है लेकिन वह कुछ कर पाने में असहाय साबित हो रहे हैं। आरोप यह भी है कि मंदिर मैं ड्यूटी पर लगाए गए पुलिसकर्मी सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए अपने चहेतों को लॉकडाउन के दिन शनिवार और रविवार को भी मंदिर खुलवा कर दर्शन कराते हैं, विरोध करने पर दुर्व्यवहार करते हैं। तीर्थ पुरोहित ने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाठक को पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई है।




