Latest

प्रयागराज में युवक की सिर कूचकर हत्या:हनुमानगंज में सोनार के घर में किराए पर रहता था युवक

कमरे के अंदर मिला खून से लथपथ शव

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रयागराज में एक युवक की सिर कूच कर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि घर के मुख्य गेट अंदर से बंद था और कमरे में बेड के नीचे युवक की खून से सनी लाश पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक की मौजूदगी में घटनास्थल की छानबीन की। उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई।

*राजू डेढ़ साल से हनुमानगंज में रह रहा था किराए पर*

प्रयागराज के सराय थाना अंतर्गत हनुमान गंज बाजार निवासी वेद प्रकाश स्वर्णकार सर्राफा कारोबारी हैं हनुमानगंज बाजार में दो घर हैं। एक में वह खुद परिवार के साथ रहते हैं और दूसरे वाले घर में किराएदार रहते हैं। दूसरे वाले मकान में इस समय एक किराएदार राजू हरिजन (40) रहता था। राजू हरिजन मूलतः शहर के रामबाग, कीडगंज का रहने वाला था। उसके घर परिवार में कोई नहीं है। राजू के बगल में रहने वाला दूसरा किराएदार कोरोना काल में अपने गांव चला गया था। कभी कभार आता जाता था।

*लॉक डाउन से काम पर नहीं जा रहा था राजू*

राजू पिछले डेढ़ साल से वेद प्रकाश के यहां रहकर शहर के बैहराना में एक किराने की दुकान पर काम करता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद से पिछले 2 महीने से वह काम पर नहीं जा रहा था।

*मोबाइल बन्द होने पर मकान मालिक गया था राजू को बुलाने*

मकान मालिक वेद प्रकाश ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से दूसरे वाले घर पर नहीं गए थे। सोमवार को उन्होंने सुबह राजू हरिजन के मोबाइल पर फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था, उससे काम था। इसलिए वह दूसरे मकान तक चले गए। वहां मुख्य दरवाजे का चैनल बंद था। कमरे से दुर्गंध उठ रही थी। जब वह कमरे के अंदर गए तो देखा कि बेड के नीचे राजू का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है। उन्होंने तत्काल 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने सीओ फूलपुर रामसागर की मौजूदगी में डॉग स्क्वायड तथा फॉरेंसिक टीम को बुला कर जांच पड़ताल कराई। अगल- बगल के लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अभी तक हत्या का कारण नहीं पता चला है।

*परिवार से कोई नहीं पहुंचा, मकान मालिक ने लिखाया मुकदमा*

थाना प्रभारी सराय इनायत राजेश चौरसिया ने बताया कि मकान मालिक वेद प्रकाश स्वर्णकार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसके घर परिवार से अभी तक कोई नहीं आया है। बताया जा रहा है कि उसके परिवार में कोई नहीं है। वह अकेला है। कोरोना काल से वह काम पर नहीं जा रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। सीओ फूलपुर रामसागर का कहना है कि छानबीन की जा रही है। हत्या की वजह तलाशी जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि हत्या कब और कैसे की गई है।

Related Articles

Back to top button