माफियाओं की तीन अरब से अधिक की संपत्तियां जब्त

औरों की तलाश में जुटी हैं पुलिस टीमें
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रदेश सरकार द्वारा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे संपत्ति जबकि अभियान के तहत प्रयागराज में भी माफियाओं पर पुलिस व प्रशासन का जोरदार डंडा चला है। अब तक माफियाओं की तीन अरब से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। दूसरे अन्य माफियाओं की तलाश पूरी मुस्तैदी से की जा रही है। पुलिस की कई टीमें इस पर काम कर रही हैं।
जिले में प्रशासन व पुलिस द्वारा दर्जनभर से अधिक माफियाओं और भू माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। इनके मकान, होटल आदि तोड़े गये और कई संपत्तियां जब्त की गई। अतीक अहमद दिलीप मिश्रा और बच्चा पासी सहित कई अन्य माफियाओं के कब्जे से अब तक तीन अरब 25 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। माफियाओं और उनके गैंग के सदस्यों की तलाश अभी भी चल रही है। पुलिस गोपनीय तरीके से इनकी संपत्तियों का सत्यापन करा रही है। संभावना है कि जल्द ही कुछ और नाम सामने आएंगे। इनके खिलाफ भी संपत्ति जब्ती की कार्यवाही की जाएगी। माफियाओं के विरुद्ध की गई कार्यवाही के संबंध में बात करते हुए डीआईजी/एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस जिले में किसी भी प्रकार के माफिया या अपराधी को पनपने नहीं देगी।



