छात्रों को देनी होगी आनलाइन मासिक परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ग्रीष्मावकाश व कोरोना महामारी के चलते लगे लाकडाउन के बाद गुरुवार से सभी स्कूल खोल दिए गए। पहला दिन साफ-सफाई और उपस्थिति पंजिका बनाने में बीता तो दूसरा दिन शिक्षकों ने आनलाइन पठन-पाठन को प्रभावी बनाने व अभिभावकों से संपर्क करने में बिताया। अधिकांश स्कूलों में मासिक परीक्षा कराने का निर्णय लिया जिससे विद्यार्थियों की विषय की समझ का मूल्यांकन हो सके।
केपी गर्ल्स इंटर कालेज की प्रधानाचार्य अमिता सक्सेना ने बताया कि अब आनलाइन पढ़ाई के साथ हर महीने आनलाइन मासिक परीक्षा ली जाएगी। इससे पता चलेगा कि विषयवस्तु कितनी समझ में आई। विशेष रूप से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की उपस्थिति भी अनिवार्य है। मासिक परीक्षा का प्रश्नपत्र एक घंटे का होगा। इसका विवरण शिक्षक अपनी डायरी में भी दर्ज करेंगे। विद्यार्थियों के लिए विज्ञान क्विज, निबंध, चित्रकला एवं संगीत प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। ज्वालादेवी सरस्वती विद्यामंदिर बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य मीना श्रीवास्तव ने भी मासिक परीक्षाओं के आयोजन की जानकारी दी। विद्यावती दरबारी इंटर कालेज की प्रधानाचार्य सरोज ने भी कहा कि अभिभावकों से संपर्क कर शैक्षणिक सामग्री बच्चों तक पहुंचाने में सहयोग मांगा जा रहा है। मासिक परीक्षाएं भी कराई जाएंगी। इसकी उपयोगिता इसलिए बढ़ गई है कि वार्षिक परीक्षाओं में भी इसके अंक जोड़े जाएंगे। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय और ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जुगल किशोर ने कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं में पिछली परीक्षाओं को आधार बनाकर अंक दिए जाएंगे। अब सभी विद्यार्थियों को सजग रहना चाहिए और प्रत्येक परीक्षा को गंभीरता से लें। विद्यालय में पहले भी मासिक परीक्षा होती थी। इस वर्ष भी कराई जाएंगी जिससे विद्यार्थियों की समझ का आकलन हो सके।




