अनुपूरक बजट पास होने के बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

(अनुराग शुक्ला )लखनऊ ( अनुराग दर्शन समाचार )। अनुपूरक बजट पास होने के बाद विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। मानसून सत्र तीन दिन चला। सत्र की शुरुआत 17 अगस्त को हुई थी और इसे 24 अगस्त तक चलना था। बृहस्पतिवार को विधानसभाध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित द्वारा इसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। अनुपूरक बजट पारित करने का प्रस्ताव वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रखा जिसका विपक्षी दलों ने विरोध किया लेकिन सत्ता पक्ष के सदस्यों का बहुमत होने से यह ध्वनि मत से पारित हो गया। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए बुधवार को विधानसभा में 7301.52 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अनुपूरक बजट प्रस्तुत करते हुए कहा था कि यह 7301.52 करोड़ रुपए का बजट है जो मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित पांच लाख 50 हजार करोड़ रुपए के वार्षिक बजट का 1.33 फीसद है।



