प्रयागराज में हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़:पुलिस के रोकने पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाब में दाहिने पैर में गोली लगी

पुलिस की मुठभेड़ में अपराधी ऋषि भारतीय गोली लगने से घायल हो गया
( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जब उसे रोकना चाहा तो उसने टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शातिर अपराधी ऋषि भारतीय घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए बदमाश पर 21 से ज्यादा लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, छिनैती और एससी/एसटी एक्ट के मामले दर्ज हैं। वह फूलपुर और उतराव थाने का वांछित व झूंसी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उतरांव थाना क्षेत्र के एकडला पुलिया के पास सोमवार भोर में पुलिस चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान बाइक से एक युवक उधर से गुजरा। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो बाइक सवार ने फायरिंग कर दी और बैरियर तोड़ते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया। उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस व बाइक बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम ऋषि भारतीय (40) पुत्र केशव प्रसाद भारतीय निवासी महमूदाबाद, झूंसी, प्रयागराज बताया। बताते चलें कि माफियाओं के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन क्लीन के तहत ऋषि भारतीय के झूसी थाना अंतर्गत महमूदाबाद स्थित अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चला था। एसपी गंगापार धवल जायसवाल ने बताया कि ऋषि भारतीय शातिर अपराधी है। वह आए दिन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहता है। उस पर 21 से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं। वह झूंसी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। घायल भारतीय को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।



