एमएनएनआईटी: 16 अगस्त से नए सत्र का आगाज, निदेशक ने एकेडमिक कैलेंडर पर लगाई अंतिम मुहर

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। 26 जुलाई से 13 अगस्त के बीच नए सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 16 अगस्त से आनलाइन मोड में कक्षाओं का संचालन भी होगा। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव त्रिपाठी ने एकेडमिक कैलेंडर को मंजूरी दे दी है। बीटेक पांचवें और सातवें सेमेस्टर, एमटेक व एमबीए के तीसरे सेमेस्टर, एमसीए पांचवे सेमेस्टर और एमएससी तीसरे सेमेस्टर के लिए 26 जुलाई से 13 अगस्त के बीच रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। फिर 16 अगस्त से कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, कोरोना के लिहाज से अभी कक्षाएं आनलाइन मोड में ही चलाई जाएंगी। 21 से 25 अक्टूबर के बीच बीटेक और एमसीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। इसके अलावा बीटेक तीसरे और एमसीए तीसरे सेमेस्टर में नए सत्र में 21 अक्टूबर से 28 अक्टूबर के बीच रजिस्ट्रेशन होगा। फिर 28 अक्टूबर से इनकी कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी।




