Latest

इविवि का दीक्षांत समारोह23 सितंबर को

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) का दीक्षा समारोह और स्थापना दिवस एक साथ 23 सितंबर को मनाया जाएगा। यह अहम निर्णय गुरुवार को नार्थ हाल में कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव ने सभी संकायों और विभागों के अध्यक्ष तथा सभी सेंटर के निदेशक के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया। तकरीबन एक घंटे तक चली बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
इविवि की जनसंपर्क अधिकारी डाॅ. जया कपूर ने बताया कि पदकवीरों की सूची जल्द तैयार कर ली जाएगी। इसके अलावा जल्द ही मुख्य अतिथि के नाम पर भी अंतिम मुहर लग जाएगी। हालांकि, अभी यह तय नहीं हो सका कि समारोह आनलाइन मोड में होगा अथवा आफलाइन मोड में होगा। फिलहाल इविवि प्रशासन कोविड गाइडलाइन के अनुपालन के साथ आफलाइन मोड में समारोह आयोजित कराने की तैयारी में है। बाकी परिस्थितियों के अनुरूप फैसला लिया जाएगा। बैठक में सभी विभागाध्यक्षों को विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ ममोरंडम आफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। कुलपति ने बैठक में अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को अकादमिक स्तर पर वैश्विक पटल पर अलग पहचान दिलाना है, जिससे यह शिक्षण एवं शोध संस्थानों की अग्रिम पंक्ति में पहुंच सके। इसके लिए विभागाध्यक्षों से कहा गया कि वह अगले दस साल के विजन प्लान (भावी योजना) का प्रारूप तैयार करें। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जो कुलपति के निर्देशन में कार्य करेगी। डीन शोध एवं विकास प्रो. एसआइ रिजवी अन्य सदस्यों के नाम प्रस्तावित करेंगे। सभी विभागाध्यक्षों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि सभी शिक्षक नियमित तौर पर विभाग से आनलाइन कक्षाएं लें। यदि किसी विभाग में देखरेख के कार्य की आवश्यकता है तो विभागाध्यक्ष से यह भी सूचित करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button