कुम्भ मेला के बाद अब निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने में जुटा जिला प्रशासन
प्रयागराज। लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में जिला प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है। निर्वाचन में कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समक्ष अधिकारियों की उपस्थिति में प्रशिक्षित किया जा रहा है तधा उन्हें निर्वाचन में आने वाली हर प्रकार की हालात से अवगत भी कराया जा रहा है।
इसी प्रक्रिया के क्रम में संगम सभागार में जिलाधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं मुख्य कोषाधिकारी की उपस्थिति में फ्लाईंग स्कावड एवं स्थैतिक निगरानी टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिसमे उन्हें उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए उन्हें सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्यों को निष्पादन करने को कहा गया।
संगम सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री विजय शंकर दूबे तथा मुख्य कोषाधिकारी श्री राकेश सिंह ने उपस्थित उडनदस्ता एवं स्थैतिक निगरानी टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन से सम्बन्धित जानकारी दी तथा कहा कि अपने कार्यो को ईमानदारी से निष्पादन करते हुए प्रदत्त अधिकारो का प्रयोग किया जाय। उन्होंने कहा कि लोक सभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर न हो इसका विशेष ध्यान दिया जाय।
प्रशिक्षण मे मुख्य कोषाधिकारी श्री राकेश सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया कि आचार संहिता से सम्बन्धित शिकायतों को पर सतर्क रहकर उसपर विधिसम्मत कार्यवाही की जाय। इसी तरह प्रलोभन, डराने-धमकाने, राजनैतिक दलो तथा प्रत्याशी से सम्बन्धित शिकायतों पर पहुंचकर उस पर त्वरित कार्यवाही कराये जाने का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य कोषाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि आम नागरिक भी निर्वाचन से सम्बन्धित शिकायते जारी किये गये नम्बरो के माध्यम से पहुंचा सके, उन शिकायतों पर सम्बन्धित अधिकारियो एवं कर्मचारियों के द्वारा कार्यवाही की जायेगी। इसी तरह अवैध प्रचार-प्रसार सामग्री मिलने पर उसे नष्ट करने तथा सम्बन्धित कार्यवाही किये जाने की जानकारी प्रशिक्षण में दी गयी।


