अब विदेश में बैठकर भी लें सकेंगे प्रयागराज पुलिस की मदद

किसी भी समस्या और शिकायत के लिए रोजाना 12 से 2 बजे के बीच वीडियो काल करे
( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अगर आप प्रयागराज के मूल निवासी हैं और वर्तमान समय में विदेश में रह रहे हैं तो यहां की समस्या को लेकर आपको परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। किसी तरह की समस्या होने पर आप विदेश से भी प्रयागराज पुलिस की मदद से ले सकते हैं। बस इसके लिए आपको वाट्सएप नंबर पर वीडियो काल करना होगा। हां, समय का विशेष ध्यान रखना होगा। आप किसी भी समस्या और शिकायत के लिए रोजाना दोपहर 12 से दो बजे के बीच ही वीडियो काल कर सकते हैं। आपकी शिकायत और समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
जी हां, प्रयागराज पुलिस ने अब ऐसा ही अभिनव पहल की है। जनसुनवाई को आपके द्वार तक पहुंचाया है। एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक, आनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
आप देश और विदेश के किसी भी हिस्से से 9984781881 वाट्सएप नंबर नंबर पर वीडियो काल कर सकते हैं और प्रयागराज पुलिस के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। अपनी समस्या से उन्हें अवगत करा सकते हैं। आपकी समस्या का हल भी पुलिस अधिकारी निकालेंगे। प्रयागराज पुलिस के इस नवाचार से ऐसे फरियादियों को भी काफी सहूलियत होगी, जो किन्हीं कारणों से पुलिस अधिकारियों के दफ्तर तक नहीं पहुंच पाते हैं। या पहुंचते भी हैं तो उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है लेकिन उनकी समस्या दूर नहीं हो पाती है।
कोरोना संक्रमण के केस कम होने के बाद जहां थाना दिवस का आयोजन फिर से किया जा रहा है। वहां आने वाली शिकायतों का निस्तारण भी जल्द करने का प्रयास होता है। वहीं अब वीडियो काल के जरिए शिकायत मिलने और उसके समाधान से प्रयागराज पुलिस की छवि पर सकारात्मक प्रभाव पडऩे के साथ ही बदलाव भी देखने को मिल सकता है। अब देखने वाली बात यही होगी कि दो घंटे में कितनी शिकायतें सुनी जाती हैं और कितनों का निराकरण हो पाता है।




