माघ मेला वर्चुअल प्रवचन करेंगे संत शिष्यों से कोरोना की जांच कराकर मेला में आने की अपील

प्रयागराज(अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में इस बार माघ मेला का स्वरूप भी कुछ बदला-बदला सा रहेगा। प्रमुख संतों ने वर्चुअल प्रवचन करने का निर्णय लिया है। जो प्रवचन होंगे उसे फेसबुक, यू- ट्यूब पर अपलोड किया जाएगा। खाकचौक के प्रमुख संत स्वामी रामतीर्थ दास ने अपने शिष्यों व श्रद्धालुओं को कोरोना की जांच कराकर मेला आने की अपील की है। रामतीर्थ दास कहते हैं कि सुबह-शाम सिर्फ 50 कल्पवासियों को प्रवचन सुनाएंगे, उसे फेसबुक व यूट्यूब पर लाइव प्रसारण कराएंगे। महामंडलेश्वर सरजूदास ने भी भक्तों को कोरोना की जांच कराकर मेला क्षेत्र आने का निर्देश दिया है। बताया कि मेला क्षेत्र में प्रवचन व रामलीला जैसे आयोजन नहीं कराएंगे। कुछ भक्तों की मौजूदगी में प्रवचन देंगे। उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करेंगे।
अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम का कहना है कि हर दंडी संन्यासी को प्रवचन भीड़ एकत्र न करने का निर्देश दिया गया है। संन्यासी कम लोगों में प्रवचन करें और उसका इंटरनेट मीडिया के जरिए प्रसारित कराएं।महामंडलेश्वर कपिलदेव नागा कहते हैं कि कल्पवासी संतों का प्रवचन सुनने, पूजन व ध्यान करने प्रयागराज आते हैं। प्रवचन सुनना उनकी दिनचर्या होती है। लेकिन, कोरोना में भीड़ एकत्र करना भी उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में हर कल्पवासी को एक-दो दिन का अंतर करके प्रवचन में बुलाया जाएगा। इससे भीड़ कम होगी और वो प्रवचन सुन सकेंगे।



