इविवि में अब विदेशी छात्रों को सीधे मिलेगा प्रवेश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अब विदेशी छात्र सीधे प्रवेश पा सकेंगे। उनके लिए सुपर न्युमरेरी कोटे की 20 प्रतिशत सीट तय कर दी गई है। विदेशी छात्र सेल्फ फाइनेंस कोर्स में सीधे प्रवेश ले सकेंगे। हालांकि विधि पाठ्यक्रम में विदेशी छात्रों को सीधे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एकेडमिक काउंसिल के एजेंडा नंबर 11 में यह मसला रहा। एकेडमिक काउंसिल ने इसे मंजूरी दे दी है।
अंतर्राष्ट्रीय छात्र सलाहाकार प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि अब तक विदेशी छात्रों को आईसीसीआर (भारतीय संस्कृति संबंध परिषद) के जरिए प्रवेश दिया जाता रहा है। इससे विदेशी छात्र को स्कॉलरशिप मिलती थी। अब यदि विदेशी छात्र सीधे प्रवेश लेना चाहेगा तो वह सेल्फ फाइनेंस के जरिए पाठ्यक्रमों में सीधे दाखिला ले सकेगा। विदेशी छात्रों का सुपर न्युमरेरी कोटा 15 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का निर्णय एकेडमिक काउंसिल में हुआ है।
अंतर्राष्ट्रीय छात्र सलाहाकार प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि मौजूदा सत्र में इविवि के अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए 11 विदेशी छात्रों ने आवेदन किया है। अब तक भिन्न-भिन्न पाठ्यक्रमों में चार विदेशी छात्रों ने प्रवेश लिया है। वर्तमान में 31 विदेशी छात्र यहां पढ़ाई कर रहे हैं।


