एक की जगह बीस उत्तर पुस्तिका की अपलोड

इविवि: आनलाइन परीक्षा में एक परीक्षार्थी का कारनामा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक अतिम वर्ष एवं विधि अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षा चल रही है। परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका अपलोड करने के नियम का पालन नहीं कर रहे। हद तो तब हो गई कि एक छात्र ने 20 पेज में उत्तर लिखा है। फिर बीसों पेज का अलग-अलग पीडीएफ बना कर वेबसाइट पर अपलोड किया। इससे एक छात्र ने 20 बार पीडीएफ अपलोड किया है। जबकि छात्र को सभी पेज की एक पीडीएफ फाइल बनाकर अपलोड करना है। वहीं, शनिवार को भी छात्रों ने उत्तरपुस्तिका वेबसाइट, ई-मेल और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में हार्डकापी जमा की।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को प्रथम पाली में ही परीक्षा थी। बीए राजनीति विज्ञान एवं एलएलबी के लिए तकरीबन 2000 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन परीक्षा दी। नेटवर्क को लेकर कोई समस्या नहीं रही। लेकिन एक छात्र कई फाइल वेबसाइट पर अपलोड कर रहे हैं। इससे फाइल छांटने में काफी समस्या हो रही है। प्रो. सिंह ने बताया कि तकरीबन दस छात्रों ने ऑफलाइन उत्तरपुस्तिका जमा की। जबकि कई ने तो वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ ई-मेल भी किया है।




