Latest

स्वास्थ्य विभाग को मिले 181 बाल रोग विशेषज्ञ, 114 एनेस्थेटिस्ट

(विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग (एलोपैथी) को 181 बाल रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) और 114 (एनेस्थेटिस्ट) मिले हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सीधी भर्ती के इन पदों पर आवेदन लेने के बाद रिकॉर्ड डेढ़ महीने में चयन प्रक्रिया पूरी कर ली। हालांकि योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण पीडियाट्रिशियन के 419 और एनेस्थेटिस्ट के 476 पद खाली रह गए।

आयोग ने सीधी भर्ती के तहत एलोपैथिक चिकित्साधिकारी श्रेणी-2 के 15 प्रकार के कुल 3620 पदों पर भर्ती के लिए 28 मई से 28 जून तक ऑनलाइन आवेदन लिए थे। इन पदों के लिए 4062 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। दोनों प्रकार के पदों के लिए साक्षात्कार 26 जुलाई से 4 अगस्त तक लिए गए। जनरल फिजिशियन तथा गायनकोलाजिस्ट चिकित्सा विशेषज्ञों का साक्षात्कार 18 अगस्त को पूरा हो चुका है।
साक्षात्कार में 345 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इसका चयन परिणाम एक सप्ताह के अंदर घोषित कर दिया जाएगा। उसके बाद पैथालाजिस्ट तथा जनरल सर्जन के पदों पर साक्षात्कार 24 अगस्त से शुरू हो रहा है। इसमें 854 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसका परिणाम भी साक्षात्कार के बाद एक सप्ताह में घोषित कर दिया जाएगा।
आयोग के मीडिया प्रभारी पुष्कर श्रीवास्तव के अनुसार आयोग ने त्वरित चयन के लिए रणनीति बनाते हुए स्वास्थ्य से संबंधित कौन-कौन से विषयों के चिकित्सा विशेषज्ञों को शासन को आवश्यकता है, उसको प्राथमिकता दिया। अवशेष चिकित्सा विशेषज्ञों के पदों पर साक्षात्कार की तिथि निर्धारित कर चयन परिणाम शीघ्र घोषित करने के लिए आयोग तत्पर है। गौरतलब है कि 3620 पदों में से सर्वाधिक 600 पीडियाट्रीशियन (बाल रोग विशेषज्ञ) के थे। गायनकोलॉजिस्ट, एनेस्थेटिस्ट, जनरल सर्जन व जनरल फिजिशियन के 590-590 पदों पर आवेदन मांगे गए थे।

Related Articles

Back to top button