सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, मदरसे के पूर्व प्रिंसिपल पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शाहगंज में एक मदरसे के पूर्व प्रिंसिपल पर सरकारी नौकरी के नाम पर लाखों रुपए हड़पने का एक और मामला सामने आया है। पीडि़त छात्र ने खुल्दाबाद थाने में मदरसा के पूर्व प्रिंसिपल समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी की एफआईआर दर्ज कराई है। इससे पूर्व एक व्यक्ति ने करेली थाने में मदरसा के पूर्व प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
जसरा, बारा के रहने वाले शादाब आजम अंसारी ने खुल्दाबाद थाने में मदरसा के पूर्व प्रिंसिपल मोहम्मद अब्दुल कलाम, मोहिउद्दीन और प्रबंधक नेहाल अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शादाब ने पुलिस को बताया कि वह 2016 से 2018 तक मदरसा हिदायतुल मुस्लिमीन का छात्र था। उसने मदरसे से मौलवी, आलिम, अरबी अध्ययन करके डिग्री प्राप्त की।
पढ़ाई के दौरान शादाब के प्रिंसिपल से अच्छा संबंध बन गया। इस दौरान मदरसे के प्रिंसिपल ने पीडि़त युवक शादाब आजम अंसारी के परिवार से साढे तीन लाख रुपये उधार लिए थे। अपने बेटे को दिल्ली में पढऩे के लिए रुपए भेजे थे। कुछ समय बाद जब पैसा मांगा तो टालमटोल करने लगे। बाद में उसे झांसा दिया कि मदरसे में ही सरकारी शिक्षक की नियुक्ति होनी है। वह रुपए लेकर उसमें करा देंगे। इस तरह कुल पांच लाख रुपये ले लिए लेकिन नौकरी नहीं मिली। बाद में पांच लाख और मांग रहे थे। आरोप है कि रुपए देने से पूर्व ही वह वीआरएस लेकर झारखंड चले गए। खुल्दाबाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



