मण्डलायुक्त ने की इनर रिंग रोड के निर्माण सम्बन्धी कार्यवाहियों के प्रगति की समीक्षा

प्रथम फेज के निर्माण कार्य को महाकुम्भ-2025 को लक्ष्य मानकर पूर्ण कराने निर्देश
(अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । मण्डलायुक्त संजय गोयल ने शुक्रवार को गांधी सभागार में इनर रिंग रोड के निर्माण के सम्बंध मेें की जा रही कार्यवाहियों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रिंग रोड के प्रथम फेज में रीवा रोड़ से सहसों तक बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य को महाकुम्भ-2025 को लक्ष्य मानकर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, प्रयागराज के परियोजना निदेशक एके राय ने बताया कि रिंग रोड़ के निर्माण का कार्य दो फेज में कराया जायेगा। पहले फेज में रीवा रोड़ से सहसों तक तथा दूसरे फेज में रीवा रोड़ से कौड़िहार के कसारी गांव तक रिंग रोड़ का निर्माण कराया जायेगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रस्तावित इनर रिंग रोड़ की लम्बाई 65.66 किमी और कुल लागत 7030 करोड़ रुपये होगी। परियोजना निदेशक ने यह भी बताया कि इनर रिंग रोड़ के एलाइनमेंट का कार्य फाइनल हो गया है तथा भूमि अधिग्रहण का कार्य चल रहा है। इनर रिंग रोड़ के निर्माण में कुल तीन पुलों का भी निर्माण कार्य कराया जायेगा, जिसमें दो पुल गंगा नदी पर व एक पुल यमुना नदी पर बनेगा। इसके साथ ही छः रेलवे ओवरब्रिज भी बनाये जायेंगे। मण्डलायुक्त ने भूमि अधिग्रहण के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण किये जाने तथा रेलवे, पीडब्लूडी एवं सम्बंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक कार्यवाहियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा है कि इनर रिंग रोड़ के निर्माण में यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या होती है, तो संज्ञान में लाते हुए उसका निराकरण सुनिश्चित करें। निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से हों। बैठक में अपर आयुक्त, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्रयागराज के परियोजना निदेशक, पीडब्लूडी के अधिकारियों के अलावा अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



