Latest

विधि विवि का रिमोट से उद्घाटन कर सकते हैं राष्ट्रपति

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के झलवा स्थित विधि विश्वविद्यालय जाने पर संशय बना हुआ है। माना जा रहा है कि वह रिमोट से ही विधि विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति के प्रयागराज में एक दिन रुकने की बात सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 11 सितंबर को सुबह आकर शाम को लखनऊ लौट सकते हैं। डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि अभी तक राष्ट्रपति का कार्यक्रम हाईकोर्ट तक सीमित है। झलवा और संगम क्षेत्र में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी हो रही है। झलवा में हेलीपैड बनाने की योजना टलने के बाद से राष्ट्रपति के विधि विश्वविद्यालय नहीं जाने पर चर्चा होने लगी थी। फिर भी झलवा में सभी तैयारी पूर्व की भांति हो रही है। वि‌धि विश्वविद्यालय के उद्घाटन को लेकर पास के एक शिक्षण संस्थान का गेस्टहाउस भी आरक्षित किया गया है।

*राज्यपाल रुकेंगी दो दिन*

प्रयागराज। प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिन प्रयागराज में प्रवास कर सकती हैं। राज्यपाल 11 सितंबर की सुबह प्रयागराज आकर राष्ट्रपति के साथ कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राज्यपाल के 12 सितंबर को गोहरी के आंगनबाड़ी केंद्र तथा राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भाग लेने जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार राज्यपाल विश्वविद्यालय के गेस्टहाउस का उद्घाटन कर सकती हैं। राज्यपाल के आगमन को लेकर फाफामऊ, शांतिपुरम क्षेत्र में तैयारी हो रही है।

Related Articles

Back to top button