Latest

रामबाग ओवरब्रिज के ऊपर स्थानीय युवकों ने चंदा एकत्र कर पुल के दोनों तरफ जीआइ तार लगवाया

40 हजार रुपये जुटाकर दूर किया खतरा

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। रामबाग ओवरब्रिज पर अब चाइनीज मंझा से किसी की गर्दन नहीं कटेगी। ओवरब्रिज के पास आजाद नगर साउथ मलाका में रहने वाले युवकों ने चंदा एकत्र कर शनिवार को यहां दोनों तरफ जीआइ तार लगवा दिया है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और नगर निगम में प्रार्थना पत्र देकर अनुमति ली गई थी। युवाओं द्वारा उठाए गए इस कदम की लोग प्रशंसा कर रहे हैं।
पतंग उड़ाने में चाइनीज मंझा का इस्तेमाल किए जाने से आए दिन हो रही घटनाओं को लेकर भले ही जिम्मेदार अधिकारी उतने संजीदा न हों, लेकिन शहर के युवा इसके प्रति सक्रिय हो उठे हैं। दो दिन पहले नए यमुना पुल पर चाइनीज मंझा से गर्दन कटने की वजह से सिविल लाइंस इलाके में रहने वाले ए जान भी चली गई थी। इसी सब को लेकर आजाद नगर साउथ मलाका के अजय कुमार, शानू, छोटे, दानिश, मेराज, अनकमा, निक्की, हाफिज, रूमान, टाटा आदि युवकों ने मिलकर ओवरब्रिज पर जीआइ तार लगवाने का निर्णय लिया। अजय कुमार के नेतृत्व में नगर निगम जाकर महापौर अभिलाषा गुप्ता को प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग में भी जाकर प्रार्थना पत्र दिया गया। दोनों जगह से अनुमति मिलने के बाद शनिवार को नगर निगम से हाईड्रोलिक मशीन मंगवाकर ओवरब्रिज के दोनों तरफ जीआर तार लगवाया गया। रामबाग चौराहे से लेकर मेडिकल चौराहे तक इसे लगाने में 40 हजार से अधिक का खर्च आया, जिसे युवाओं ने मिलकर पूरा किया। जीआइ तार लगने के कारण अब पतंग की डोर ओवरब्रिज पर नहीं गिरेगी, बल्कि जीआइ तार के ऊपर से ही निकल जाएगी। युवाओं द्वारा उठाए गए इस कदम का साउथ मलाका, नार्थ मलाका, मलाकराज, रामबाग, कोठापार्चा, बाई का बाग समेत अन्य इलाकों के लोग सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब वे बिना किसी डर के ओवरब्रिज से आवागमन कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button