समाजवादी पार्टी के जिले स्तर के पदाधिकारियों की खींचातानी में पार्टी का बंटाधार

जनपद व ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों की आपसी तालमेल देखने को नहीं मिलती है
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मेजा में समाजवादी पार्टी के स्थानीय एवं जिले स्तर के पदाधिकारियों की खींचातानी में पार्टी का बंटाधार होना तय है। देखा जाए तो समाजवादी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में जनपद व ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों की आपसी तालमेल देखने को नहीं मिलती है। कई कार्यक्रमों में देखा गया कि जनपद से जुड़े पदाधिकारियों तथा ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारियों के बीच पार्टी लगभग चार खंडों में विभाजित दिखाई देती है, जिसके चलते कोई भी कार्यक्रम सफल होता नहीं दिखाई देता। कई कार्यक्रमों में देखा गया है कि पार्टी के नाम पर धुरंधर इकट्ठे तो होते हैं लेकिन चेहरे उनके कुछ और ही बयां करते हैं। गुरुवार को एक बार फिर तहसील मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी की गुटबाजी देखने को मिली। देखा जाए तो क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच बाहरी बनाम भीतरी का नारा चल रहा है। मेजा क्षेत्र में सपा की अलख जगाने वाले पार्टी के चर्चित चेहरों को दरकिनार किया जा रहा है इस गुटबाजी में पार्टी का बंटाधार होना तय है। समय रहते पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा पार्टी के हित के लिए हस्तक्षेप करते हुए गुटबाजी को समाप्त कराना होगा। क्षेत्र के जमीनी स्तर के नेताओं का उपहास न करते हुए उनके मार्गदर्शन में पार्टी को बुलंदियों पर ले जाया जा सकता है।


